कोटद्वार में कोतवाली पुलिस ने नाबालिग युवती का अपहरण करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। दो दिन पहले कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति द्वारा तहरीर दी गई कि उनकी नाबालिग बेटी सुबह घर से बिना कुछ बताए कहीं चली गई थी और अभी तक वापस नहीं लौटी। साथ ही बताया कि बेटी से संदीप नाम का एक युवक लगातार बात करता रहता था, जो कई बार बेटी का पीछा करते हुए भी देखा गया है। परिजनों को संदेह है कि संदीप ही उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। वही SSP पौड़ी लोकेश्वर सिंह द्वारा गुमशुदा नाबालिग युवती को तत्काल बरामद करने के लिए टीम गठित करने के लिए निर्देशित किया गया। जिसपर प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार रमेश तनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य माध्यमों से गुमशुदा नाबालिग के सम्बन्ध जानकारी जुटाई गयी, जिसके बाद नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए अभियुक्त संदीप नेगी निवासी चाकीसैण पैठाणी को कलालघाटी कोटद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
